रांची न्यूज डेस्क: झारखंड के चतरा जिले में सोमवार शाम बड़ा विमान हादसा हो गया। रांची से दिल्ली जा रही रेडबर्ड एयरवेज की एयर एंबुलेंस सिमरिया के बरीआतु पंचायत क्षेत्र में जंगल के अंदर क्रैश हो गई। इस हादसे में विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। चतरा की उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने इसकी पुष्टि की है।
विमान ने शाम 7:11 बजे रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। करीब 7:30 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। रांची एयरपोर्ट के निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि खराब मौसम हादसे की एक संभावित वजह हो सकता है, हालांकि असली कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
डीजीसीए के अनुसार, यह बीचेक्राफ्ट C90 (VT-AJV) विमान मेडिकल इवैक्यूएशन फ्लाइट के रूप में रांची से दिल्ली जा रहा था। विमान ने 19:34 बजे कोलकाता एटीसी से संपर्क किया था, जिसके बाद वाराणसी के दक्षिण-पूर्व में करीब 100 नॉटिकल मील दूर रडार और संचार संपर्क पूरी तरह टूट गया। मृतकों में कैप्टन विवेक विकास भगत, कैप्टन सवराजदीप सिंह, संजय कुमार, डॉ. विकास कुमार गुप्ता, सचिन कुमार मिश्रा, अर्चना देवी और धुरु कुमार शामिल हैं।
देवकमल अस्पताल, रांची के सीईओ अनंत सिन्हा के मुताबिक, 41 वर्षीय संजय कुमार, जो 65 प्रतिशत झुलस गए थे, को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। परिवार ने एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की थी। हादसे के बाद जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई है और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम को जांच के लिए रवाना किया गया है।
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपई सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।